Mumbai Bandra Scam
बांद्रा हाउसिंग स्कैम: BMC के सहायक आयुक्त ने की 80 करोड़ की ठगी! IAS-IPS अधिकारी भी हुए शिकार
Mumbai Bandra Scam: मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के सहायक आयुक्त महेश पाटिल पर बांद्रा हाउसिंग प्रोजेक्ट में 60-80 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगा है। कई अधिकारियों व नेताओं के निवेश का दावा।
BMC Assistant Commissioner Mahesh Patil
बीएमसी के सहायक आयुक्त महेश पाटिल (सोर्स: सोशल मीडिया)
BMC Assistant Commissioner Mahesh Patil Bandra News: मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) के सहायक आयुक्त महेश पाटिल बांद्रा हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के आरोपों से घिरे हैं। शिकायतकर्ता निशित पटेल का आरोप है कि पाटिल ने लोगों से लगभग 60 से 80 करोड़ रुपये ठगे हैं।
शिकायतकर्ता निशित पटेल ने मुंबई महानगरपालिका के सहायक आयुक्त महेश पाटिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पटेल ने आरोप लगाया है कि पाटिल ने बांद्रा में एक शानदार हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट देने के बहाने लोगों से करीब 60 करोड़ रुपये ठगे हैं। एक अन्य शिकायत में यह राशि लगभग 80 करोड़ रुपये बताई गई है। सहायक आयुक्त महेश पाटिल पर मारपीट, जबरन वसूली और धोखाधड़ी का आरोप लगा है।
यह पूरा मामला मुंबई के बांद्रा में शुरू होने वाले एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से संबंधित है। प्रोजेक्ट में इन्वेस्ट करने वालों को यह लालच दिया गया था कि एडवांस में सिर्फ कैश इन्वेस्ट करने पर सस्ते में घर खरीदा जा सकता है। ऑफर दिया गया था कि 100 परसेंट एडवांस पेमेंट करने पर घर केवल कंस्ट्रक्शन कॉस्ट पर ही दे दिया जाएगा। दावा किया गया था कि प्रोजेक्ट बनने के बाद इसकी लागत दोगुनी हो जाएगी, जिससे भारी फाइनेंशियल फायदे होंगे।
नेताओं, अधिकारियों और सेलिब्रिटी ने किया निवेश
निशित पटेल ने आरोप लगाया है कि इस हाउसिंग प्रोजेक्ट में बड़े पैमाने पर नेताओं, सरकारी कर्मचारियों, और सीनियर पुलिस अधिकारियों ने इन्वेस्ट किया था। यह भी दावा किया गया है कि कई नेताओं, बड़े अधिकारियों और आईपीएस अधिकारियों ने भी इस प्रोजेक्ट में पैसा लगाया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिकारियों ने 20 लाख रुपये से लेकर 20 करोड़ रुपये के बीच इन्वेस्ट किया है। आरोप है कि नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ से 60 करोड़ रुपये लिए या दिए गए। शिकायतकर्ता निशित पटेल का यह भी आरोप है कि इन लोगों को इन्वेस्ट करने पर भारी फाइनेंशियल फायदे का वादा किया गया था।
मुख्यमंत्री और कमिश्नर से शिकायत
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस और मुंबई पुलिस कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत सहायक आयुक्त महेश पाटिल पर गंभीर आरोपों के चलते की गई है।
हालांकि, सहायक आयुक्त महेश पाटिल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और उन्होंने या उन्हें जानने वाले किसी भी अधिकारी ने कोई इन्वेस्टमेंट नहीं किया है।
पाटिल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अगर इनडायरेक्टली कुछ हुआ है, तो वह उसके बारे में कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने शिकायतकर्ता निशित पटेल को यह चुनौती दी है कि अगर उनके पास इस बारे में कोई टेक्निकल लीगल सबूत हैं, तो उन्हें जांच एजेंसियों को सौंपना चाहिए।

Comments
Post a Comment